सुल्तानपुर।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश 2022 विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मंगलवार को प्रदेश के लोगों को 340 किलोमीटर लंबे पूर्वांचल एक्‍सप्रेस-वे की सौगात दी।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में पीएम मोदी ने पूर्वांचल एक्‍सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। एक्‍सप्रेस-वे के शुभारंभ के लिए पीएम मोदी वायुसेना के सी-130जे सुपर हरक्यूलिस पर सवार होकर पहुंचे थे।उनका विमान एक्‍सप्रेस-वे पर ही उतरा। सीएम योगी ने पीएम मोदी का स्वागत किया। इस बीच विपक्ष ने पीएम मोदी के कार्यकम पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां लोगों की भीड़ जुटाने के लिए करीब 200 सरकारी बसों का रूट बदला गया।

पीएम मोदी ने पूर्वांचल एक्‍सप्रेस-वे का उद्घाटन करने के बाद कहा, जहां जमीन थी, वहां अब एक्‍सप्रेस-वे है। तीन साल पहले जब मैने इसका शिलान्याश किया तब नहीं सोचा था कि इस एक्‍सप्रेस-वे पर मैं खुद विमान से उतरूंगा। ये एक्‍सप्रेस-वे की मजबूत होती अर्थव्यवस्था का एक्‍सप्रेस-वे है।पीएम मोदी ने 1 बजकर 55 मिनट पर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया।इसके बाद एक फिल्म भी दिखाई गई। इससे पहले अपने संबोधन में सीएम योगी ने जय हिंद और जय-जय श्रीराम का नारा लगाया।

पीएम मोदी ने उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा,आज इस पावन धरती को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की सौगात मिली है, जिसका आप सभी बहुत दिन से इंतजार कर रहे थे। आप सभी को बहुत-बहुत बधाई। पूरी दुनिया में जिस किसी को भी उत्तर प्रदेश के सामर्थ्य पर, उत्तर प्रदेश के लोगों के सामर्थ्य पर जरा भी संदेह है वो आज सुल्तानपुर में आकर उत्तर प्रदेश का सामर्थ्य देख सकता है। 3-4 साल पहले जहां सिर्फ जमीन थी अब वहां से होकर इतना आधुनिक एक्सप्रेस-वे गुजर रहा है।

पीएम मोदी ने कहा ये एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश को तेज़ गति से बेहतर भविष्य की तरफ ले जाएगा। ये एक्सप्रेस-वे यूपी की प्रगति का एक्सप्रेस-वे है। ये एक्सप्रेस-वे नए यूपी के निर्माण का एक्सप्रेस-वे है। ये एक्सप्रेसवे यूपी की मजबूत होती अर्थव्यवस्था का एक्सप्रेस-वे है। हमारे जिन किसान भाई-बहनों की भूमि इसमें लगी है, जिन श्रमिकों का पसीना इसमें लगा है, जिन इंजीनियरों का कौशल इसमें लगा है उनका भी मैं बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं।

आपको बता दें कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे 340 किलोमीटर लंबा है।यह एक्सप्रेस-वे पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को जोड़ रहा है। करीब 42,000 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एक्सप्रेस-वे लखनऊ के चांद सराय गांव से शुरू होता है।यह एक्सप्रेस-वे लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर से होकर गुजर रहा है।