झारखंड की राजधानी रांची के ओरमांझी में भारतीय जनता पार्टी के नेता जीतराम मुंडा की गोली मार हत्या के आरोपी मनोज मुंडा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।गिरफ्तार आरोपी मनोज पर जीतराम हत्याकांड की साजिश रचने वाला बताया जा रहा है। मनोज पर पुलिस ने एक लाख का इनाम घोषित किया था।मनोज हत्या के बाद से फरार चल रहा था।गुरुवार को मनोज कोर्ट में आत्मसमर्पण करने पहुंचा था,लेकिन उससे पहले पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
आपको बता दें कि रांची पुलिस मनोज मुंडा को पकड़ने के लिए लगातार घेराबंदी करने में जुटी हुई थी।गुरुवार को मनोज आत्मसमर्पण के लिए रांची व्यवहार न्यायालय पहुंचा था और इसकी भनक एसआईटी को लग गई। पुलिस ने आत्मसमर्पण करने से पहले मनोज को कोर्ट परिसर से गिरफ्तार कर लिया। एसआईटी मनोज को गिरफ्तार करने के लिए झारखंड,बिहार,पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में छापेमारी कर रही थी।इस बीच हत्या में शामिल शूटर और रेकी करने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।गिरफ्तारी के बाद मनोज ने खुद को निर्दोष बताया।
बीजेपी नेता जीतराम मुंडा की हत्या 22 सितंबर को ओरमांझी के एक लाइन होटल के पास गोली मारकर कर दी गई थी।आरोप है कि जीतराम मुंडा की हत्या की साजिश मनोज मुंडा ने रची थी। हत्या के लिए यूपी के गाजीपुर निवासी शूटर डब्लू यादव को सुपारी दी गयी थी। शूटर ने 22 सितंबर की सुबह रांची पहुंचकर शाम में हत्या को अंजाम दिया और भाग निकला था।





