दुमका।एक किशोरी मसानजोर में मयूराक्षी नदी के मझधार में लगभग दो घंटे तक एक टीलानुमा चट्टान पर फसी रही।घटना बुधवार को झारखंड के दुमका जिले में मसानजोर के पास रानीबहाल पुल की नीचे हुई।आस-पास के लोगों की सूचना पर मसानजोर और टोंगरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस ने रेस्क्यू कर युवती को सुरक्षित नदी किनारे लायी।टोंगरा थाना क्षेत्र के मुड़जोड़ा गांव की करीब 16 वर्षीय प्रतिमा हांसदा बुधवार को तड़के करीब पांच बजे शौच के लिए नदी के किनारे गई थी। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नदी में गिर गई।
आपको बता दें कि इन दिनों मयूराक्षी में पानी का जलस्तर बढ़ा हुआ है।जलस्तर बढ़ने का कारण मसानजोर डैम का सात गेट खोल कर पानी छोड़ा जा रहा है। डैम के प्रत्येक गेट से प्रति घंटा 2500 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण नदी की धार काफी तेज है। इसी तेज धार में वह किशोरी बह गई थी। मयूराक्षी नदी में कई जगह पर चट्टान है। रानीबहाल पुल के नीचे ऐसे ही टीलानुमा चट्टान को प्रतिमा ने पकड़ लिया जिससे उसकी जान बच गई और काफी देर तक वो नदी के बीच टीले पर फसी रही।प्रतिमा को वहां से निकलना बड़ी चुनौती थी इस बीच सुबह हो गई। सुबह मॉर्निंग वाक पर निकले आसपास के लोगों की उस पर नजर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी गई। मसानजोर के थाना प्रभारी मनोज राय ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने के करीब आधा घंटा के अंदर ही प्रतिमा हांसदा को सुरिक्षत निकाल कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया।





