झारखंड की राजधानी रांची में सोमवार को दिन दहाड़े दुस्साहसिक घटना को अंजाम देने की कोशिश गयी है।नगड़ी थाना क्षेत्र के रिंग रोड लालगुटवा ओवरब्रिज के पास एक युवती का ऑटो से दिनदहाड़े अपहरण करने की कोशिश की गयी।युवती चलती हुई ऑटो से कूद गयी और अपनी जान बचाई।युवती ऑटो से कूदने के कारण सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।



प्राप्त जानकारी के अनुसार युवती राजधानी रांची के जगन्नाथपुर की रहने वाली है।युवती लालगुटवा तालाब के स्टैंड से सुबह साढ़े 10 बजे जगन्नाथपुर जाने के लिए एक ऑटो में बैठ गयी।ऑटो चालक जगन्नाथपुर की तरफ जाने वाले रास्ते के बदले रिंग रोड पर नामकुम की तरफ जाने लगा।युवती ने जब ऑटो रुकवाने का प्रयास किया तो चालक ऑटो तेजी से भगाने लगा। घबराई युवती जोर-जोर से बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगी।इसके बाद भी जब चालक ने ऑटो नहीं रोका तो वो कूद गई।सड़क पर गिरने से चोट लगने से वो बेहोश हो गई। युवती के कूदने के बाद चालक ऑटो लेकर नामकुम की ओर भाग गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, इसके बाद नगड़ी थाना के गश्ती दल के जवान मौके पर पहुंचे और युवती को कटहल मोड़ स्थित रिंची अस्पताल में भर्ती कराया। इधर पुलिस ऑटो के बारे में सुराग लगा रही है।



अस्पताल में युवती को होश आने के बाद बताया कि वह ऑटो में बैठी थी कि चालक ने अन्य सवारी बैठाने के बदले उसे अकेला ही लेकर चल पड़ा। गलत रास्ते पर ले जाने पर ऑटो को रुकवाने का प्रयास करने पर वह उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा और ऑटो को तेजी से भगाने लगा। घबराकर वह चलते ऑटो से कूद गई। इससे उसके हाथ-पैर और अन्य जगहों पर चोट लगी है।