रांची।झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस ने राज्य के विश्वविद्यालयों में खाली पड़े पदों पर लंबे समय से नियुक्ति न होने पर चिंता जाहिर करते हुए खाली पड़े पदों को जल्द भरने का निर्देश दिया।सोमवार को राज्यपाल ने राजभवन में राज्य के विश्वविद्यालयों के शैक्षणिक व प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की।बैठक में निर्देश दिया गया कि विश्वविद्यालयों में कुलसचिव,परीक्षा नियंत्रक जैसे पद यदि खाली हों तो इन पदों को जल्द भरा जाए।
राज्यपाल ने वित्त विभाग से कहा कि शिक्षाहित में विश्वविद्यालयों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने की कोशिश करें और विश्वविद्यालय समयबद्ध होकर कार्य करें।किसी भी तरह की शिथिलता न बरतें।जेपीएससी द्वारा किसी पद पर चयन कर अनुशंसा के बाद भी विश्वविद्यालय द्वारा योगदान कराने में देरी ठीक नहीं है।विश्वविद्यालयों में कई समस्याएं हैं।लेकिन इच्छाशक्ति से निदान संभव है।
राज्यपाल ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ न हो अब कक्षायें भी ऑफलाइन शुरू हो गई हैं। हमें विद्यार्थियों के शिक्षण पर और ध्यान देने की जरूरत है।बैठक में जेपीएससी अध्यक्ष अमिताभ चौधरी,अपर मुख्य सचिव, उच्च व तकनीकी शिक्षा केके खंडेलवाल, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव शैलेश सिंह समेत विश्वविद्यालयों के वीसी, प्रभारी वीसी मौजूद थे। बैठक में विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतियों ने शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मियों के स्वीकृत पद की संख्या, कार्यरत कर्मियोकी संख्या पर भी अवगत कराया।





