रांची।झारखंड के मुखिया हेमंत सोरेन ने बुधवार को एक साथ सेंट्रल लैब,सीटी स्कैन मशीन, कोबास जांच मशीन और पीएसए प्लांट का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद से अब यहां पर लगभग 100 तरह की जांच कम पैसे में या फ्री में हो सकेगी।इससे पहले रिम्स के मरीजों को कई जांच के लिए निजी जांच केंद्रों पर जाना पड़ता था।उद्घाटन के दौरान स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता भी मौजूद थे। उद्घाटन से एक दिन पहले पूरे रिम्स परिसर की साफ-सफाई के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त कर दी गई थी।



सीएम सोरेन ने माइक्रोबायोलॉजी विभाग में कोबास लैब का उद्घाटन किया।इससे अब एक दिन में 1200 सैंपलों की जांच हो पाएगी। ये कोरोना ही नहीं और अन्य वायरल इन्फेक्शन की भी जांच करने में सक्षम है।बैरहाल कोबास मशीन का इस्तेमाल माइक्रोबायोलॉजी विभाग के लैब में पिछले डेढ़ महीने से किया जा रहा है। उद्घाटन के इंतजार में नियमित जांच नहीं हो रही थी। कोबास से वायरल हेपेटाइटिस बी एंड सी, एचआईवी, एमटीबी, पैपिलोमा, क्लैमाइडिया, नेयसेरेमिया जैसे रोगों के लक्षणों का पता लगाया जा सकता है।



सीएम सोरेन ने ट्रॉमा सेंटर में स्थापित 256 स्लाइस की एडवांस सीटी स्कैन मशीन का भी उद्घाटन किया। इससे सीटी स्कैन जांच के लिए मरीजों को निजी लैब में अब ज्यादा पैसे नहीं खर्च करने पड़ेंगे। इससे ब्रेन और हार्ट की एंजियोग्राफी भी हो सकेगी। रिम्स प्रबंधन ने इसकी शुरुआत के लिए एटोमिक एनर्जी रेगुलेटरी बोर्ड को पत्र लिख अनुमति देने की मांग की है। रिम्स से मशीन का रेडिएशन रीडिंग बोर्ड को भेजा गया है। मशीन की गुणवत्ता व उसके रेडिएशन का आकलन करने के बाद बोर्ड इसके संचालन की अनुमति देगा।