चाईबासा।झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला के गुवा क्षेत्र में ठेकेदार का अपहरण कर तीस लाख की रंगदारी मांगने व पिटाई कर हाथ तोड़ने तथा बड़ाजामदा के बालाजी स्पंज प्लांट के सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट मामले का पुलिस ने खुलासा किया है।इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है और कई असहले समेत नक्सली संगठन PLFI का पर्चा भी बरामद हुआ
हैं।

पुलिस ने इस संबंध में गुवा स्थित नानक नगर के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।इनकी उम्र 24 से 35 वर्ष है।इन लोगों पर बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र के पंड्राशाली निवासी ठेकेदार विपिन कुमार महाकुड़ का अपहरण कर लेवी के 30 लाख रुपये मांगने व पिटाई कर हाथ तोड़ने तथा बड़ाजामदा के बालाजी स्पंज प्लांट में घुसकर हथियार दिखाकर वहां तैनात सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट करने का आरोप है।

गिरफ्तार आरोपियों में गुवा के नानक नगर के दीपक गोस्वामी, चुन्नू दास, तापस दास, सोनू महापात्र, विनय कुमार दास व विकास कुमार सिंह शामिल हैं।इनको गुप्त सूचना के आधार पर गुवा के वनदेवी मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया।इनके पास से दो तंमचा,एक पिस्तौल, आठ जिंदा कारतूस,एक पिस्टल की मैगजीन, एक स्कूटी व एक बाइक भी बरामद की गी है। इसके अलावा नक्सली संगठन PLFI का 12 पर्चा भी बरामद किया गया है।

एसपी अजय लिंडा ने बताया कि 18 नवंबर को पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि गुवा के वनदेवी मंदिर के पीछे आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए कुछ लोग जुटे हैं।सूचना के आधार पर किरीबुरू के SDPO अजीत कुमार कुजूर के नेतृत्व में टीम गठित कर सूचना के सत्यापन का निर्देश दिया।पुलिस टीम जब वनदेवी मंदिर के पास पहुंची, तो वहां एक स्कूटी व एक बाइक खड़ी थी।पुलिस को देखते ही वहां बैठे सभी युवक भागने लगे, जिसे पुलिस बल ने खदेड़कर पकड़ लिया साथ ही तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान इन युवकों के पास से दो तमंचा, एक पिस्तौल व गोलियां भी बरामद की गयी।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।आरोपियों ने बताया कि नक्सली संगठन PLFI के नाम पर पर्चा देते हुए पांड्रासाली के ठेकेदार विपिन चंद्र महाकुड़ को हथियार के बल पर रात में उठाकर स्कूल के पास ले जाकर पिटाई कर हाथ तोड़ दिया और तीस लाख रुपये की मांग की थी।इस मामले को लेकर गत 16 नवंबर को गुवा थाने में एफआईआर दर्ज की गयी थी।साथ ही इन युवकों ने बालाजी स्पंज प्लांट में घुसकर हथियार दिखाकर सुरक्षा गार्ड के साथ भी मारपीट की थी। इस मामले में 18 नवंबर को एफआईआर दर्ज की गयी थी।